पाकिस्तान में लड़की को गैंगरेप के बाद निर्वस्त्र कर पेड़ से बांधा
लाहौर : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण करके उसकी जबर्दस्ती दो बार शादी करायी गई और सामूहिक बलात्कार करने के साथ ही निर्वस्त्र किया गया। ऐसा उसके भाई द्वारा उसी गांव की एक लड़की को भगा ले जाने का बदला लेने के लिए किया गया। चिनियोट जिले के एक गांव के मल्लाह जाति का सनाउल्ला (22) कथित तौर पर एक लड़की के साथ भाग गया था। दोनों के परिवार वाले दोनों के विवाह के खिलाफ थे।
समाचार पत्र डान के अनुसार लड़की के परिवार ने पंचायत बुलाई जिसने फैसला सुनाया कि सनाउल्ला की बहन को लडके के साथ भागने वाली लड़की के भाई जाहिद अली से विवाह करना होगा। खबर में कहा गया है कि पंचायत के फैसले के बाद जाहिद के सहयोगियों ने सनाउल्ला की बहन का उसके घर से अपहरण किया और उससे निकाह किया और पांच दिन बाद उसे तलाक दे दिया। बाद में पीड़िता की शादी जबर्दस्ती जाहिद के चचेरे भाई नूर अहमद के साथ करा दी गई। कुछ दिन बाद जाहिद के परिवार के चार सदस्यों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और उसे प्रताड़ना दी।
खबर में कहा गया है, उन्होंने उसे निर्वस्त्र कर दिया, उसे गांव में एक पेड़ से बांध दिया, उसके अभिभावकों को बुलाया और उनसे कहा कि वे उनकी लड़की के बदले अपनी पुत्री को ले जाएं। परिवारवाले लड़की को उसके अपहरण के एक महीने बाद वापस ले आये। लड़की ने लालियां तहसील के मजिस्ट्रेट से सम्पर्क किया जिन्होंने उसका चिकित्सीय परीक्षण और मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। (एजेंसी) |